नई दिल्ली
टाटा संस की जिम्मेदारी एक बार फिर एन. चंद्रशेखरन को मिली है। दरअसल, टाटा संस बोर्ड ने एन. चंद्रशेखरन के चेयरमैन पद के कार्यकाल को अगले 5 साल के लिए बढ़ा दिया है। कभी टाटा समूह से बतौर इंटर्न जुड़ने वाले चंद्रशेखरन के नाम पर रतन टाटा की मौजूदगी में सहमति मिली है। टाटा संस ने एक बयान में कहा, ‘‘11 फरवरी 2022 को हुई बैठक में टाटा संस के निदेशक मंडल ने बीते पांच साल की समीक्षा की और कार्यकारी चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की पुन: नियुक्ति का फैसला किया।’’ रतन टाटा ने क्या कहा: बोर्ड की बैठक में विशेष आमंत्रित रतन टाटा ने एन. चंद्रशेखरन के नेतृत्व में टाटा समूह की प्रगति और प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सिफारिश की कि एन. चंद्रशेखरन के कार्यकाल को और पांच साल की अवधि के लिए बढ़ाया जाए। इसी के बाद बोर्ड ने चंद्रशेखरन के कार्यकाल को बढ़ाने की मंजूरी दी।