Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एकता कपूर के साथ जुड़ते ही नेपोटिज्म पर बदले कंगना रनौत के सुर, कहा- ‘इसके खिलाफ नहीं’

मुंबई

कंगना रनौत लंबे समय से नेपोटिज्म को लेकर खुलकर बोलती आई हैं। उनके निशाने पर करण जौहर से लेकर ऋतिक रोशन सहित दूसरे सेलिब्रिटीज आए हैं। कंगना का कहना रहा है कि बॉलीवुड में ये नाम भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देते हैं और न्यूकमर्स के लिए इंडस्ट्री में काम मिलना मुश्किल होता है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद भी कंगना ने नेपोटिज्म पर बहस छेड़ दी कि उन्हें फिल्मों से बाहर कर दूसरे एक्टर्स को लिया गया। लेकिन अब कंगना के सुर बिल्कुल बदले-बदले नजर आ रहे हैं। उनमें यह बदलाव ऐसे वक्त पर देखने को मिला जब वह जल्द ही एकता कपूर के शो ‘लॉक अप’ को होस्ट करने वाली हैं।

कंगना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसे उनके फैन पेज ने शेयर किया। वह वीडियो में इंटरव्यू दे रही हैं और कहती हैं, ‘मुझे नेपोटिज्म से कभी भी समस्या नहीं थी। समस्या मुझे आउटसाइडर्स के लिए गैंग बनाने से है, जो कि नेपोटिज्म की वजह से होता है। ये दोनों अलग चीजें हैं। अगर आप अपना काम कर रहे हैं, तसल्ली से, इत्मीनान से…तो कोई समस्या नहीं हैं… दिक्कत तब होती है ये आउटसाइडर्स हैं और ये यहां नहीं होने चाहिए क्योंकि ये हमारे बाप दादाओं की जगह है। एकता कभी भी बुली गैंग का हिस्सा नहीं रही हैं।‘