हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राज्य विशेष योग्यजन आयोग के नवनियुक्त आयुक्त उमाशंकर शर्मा शुक्रवार को जंक्शन स्थित नवज्योति मूक बधिर एवं पुनर्वास संस्थान में विशेष बच्चों के बीच पहुंचे। आयुक्त उमाशंकर शर्मा ने विशेष बच्चों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। संस्था संचालक भीष्म कौशिक ने नवज्योति मूक बधिर विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में आयुक्त शर्मा को जानकारी दी। साथ ही मूक बधिर बच्चों के लिए कुछ सुझाव दिए। राज्य विशेष योग्यजन आयोग के नवनियुक्त आयुक्त उमाशंकर शर्मा ने मूक बधिर बच्चों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यांे की सराहना करते हुए कहा कि इन मूक बधिर बच्चों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है। गायन, कला सहित अन्य क्षेत्रों में इन बच्चों को संस्थान की ओर से बेहतर तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान संचालक की ओर से दिए गए सुझावों का प्रस्ताव बनाकर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। आयुक्त शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि विशेष योग्यजन आत्मनिर्भर हों। उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इस मौके पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, सदस्य विजयसिंह चौहान, प्रेमचन्द शर्मा, सुमन सैनी व अनुराधा सहारण आदि भी मौजूद थे।