Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बाइक व नकदी छीनने का आरोप

  • मुकदमा दर्ज करने के लिए थाना में सौंपा परिवाद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    गांव मक्कासर में किरयाना की दुकान चलाने वाले एक शख्स ने गांव के ही एक जने पर रास्ते में रोककर बाइक व नकदी छीनकर ले जाने का आरोप लगाया है। बुधवार को उक्त दुकानदार ग्राम पंचायत सरपंच व अन्य ग्रामीणों के साथ जंक्शन पुलिस थाना पहुंचा और मुकदमा दर्ज करने के लिए थाना प्रभारी के नाम परिवाद सौंपा। इस मौके पर सतीश कुमार पुत्र मुरारी अरोड़ा निवासी वार्ड 5, गांव मक्कासर ने बताया कि वह अपने गांव में किरयाना की दुकान चलाता है। वह बुधवार को दोपहर करीब 12.30 बजे अपनी मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसपी 0413 पर सवार होकर किरयाना का सामान लेने के लिए जंक्शन बाजार की तरफ जा रहा था। रास्ते में गांव मक्कासर में ही सेवानिवृत पटवारी जगरुप सिंह के घर के पास पालासिंह उर्फ सतपाल सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी मक्कासर मिला। उसने इशारा कर बाइक रुकवा ली। जब वह मोटर साइकिल से नीचे उतरा तो पालासिंह ने धक्का-मुक्की कर उसे नीचे गिरा दिया और मोटर साइकिल छिनकर ले गया। मोटर साईकिल पर सामान लाने के लिए एक थैला रखा हुआ था। उसमें 5 हजार रुपए थे। सतीश कुमार के अनुसार पालासिंह बदमाश व नशेड़ी प्रवृत्ति का है जो कि उसकी बाइक का कोई भी गलत उपयोग कर सकता है। उन्होंने पालासिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर सरपंच बलदेव सिंह व एडवोकेट जगजीत सिंह जग्गी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।