Wednesday, June 10निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सही नियत से किया गया कार्य व्यवसाय को आगे बढ़ाने में करेगा सहयोग

  • 30 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के अधीन एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट के 30 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को समारोह पूर्वक हुआ। प्रशिक्षण में कुल 22 प्रशिक्षणार्थियों ने हिस्सा लिया। इन्हें मास्टर ट्रेनर मनप्रीत सोनी ने प्रशिक्षण दिया। नेसर बैंगलोर की ओर से प्रशिक्षणार्थियों की परीक्षा का आयोजन किया गया था। डोमेन एस्सेसर कौशल्या शर्मा व सूरजमल बैरवा ने लिखित एवं मौखिक परीक्षा ली। परीक्षा में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने शत प्रतिशत परिणाम हासिल किया। कार्यक्रम अध्यक्ष संस्थान निदेशक सीएस परमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को दिया गया प्रशिक्षण तभी सफल होगा जब वे इस प्रशिक्षण का लाभ लेकर अपना व्यवसाय आरम्भ करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्द्धा के युग में आप कोई भी व्यवसाय करें, अनेकों लोग आपकी आलोचना करेंगे परन्तु आप अपनी मेहनत पर विश्वास रखते हुए सही नियत से कार्य करें। आपका काम आपके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगा। साथ ही कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को आरसेटी के सहयोग से वित्तीय संस्थानों से ऋण दिलवाकर आत्मनिर्भर बनाने और व्यवसाय आरम्भ करने में हरसंभव मदद की जाएगी। निदेशक परमार ने बताया कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आरसेटी में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में इन सभी प्रतिभागियों को अतिथियों की ओर से किट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर मुकेश कुमार, अनिल राठौड़, गणेशराम, रितिक अरोड़ा, महेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।