गांव चौहिलांवाली के पास हादसे में हुई थी कार चालक चिनाई मिस्त्री की मौत हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव चौहिलांवाली के पास बुधवार रात्रि को बोलेरो कैम्पर की टक्कर लगने से हुई कार चालक की मौत के संबंध में टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज हुआ है। मृतक के भाई की ओर से बोलेरो कैम्पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। हादसे में बोलेरो कैम्पर का चालक भी घायल हो गया था। मृतक चिनाई मिस्त्री था। पुलिस के अनुसार महेन्द्र कुमार (21) पुत्र पालाराम मेघवाल निवासी 24 पीबीएन बी पीएस पीलीबंगा ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई कमलेश (27) चिनाई मिस्त्री का काम करता है। बुधवार को उसका भाई कमलेश अपनी कार नम्बर आरजे 14 सीसी 3112 लेकर दिन में घरेलू काम से रावतसर गया हुआ था। वह रावतसर से शाम करीब 7 बजे अपने घर के लिए निकला था। रात करीब 9 बजे उसे दूरभाष के जरिए सूचना मिली कि उसका भाई कमलेश अपनी कार में सवार होकर लखूवाली से पीलीबंगा रोड पर आ रहा था। चौहिलांवाली गउशाला के पास उसके भाई की कार में सामने से आ रही बोलेरो कैम्पर के चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही से चलाकर टक्कर मार दी। हादसे में उसकी भाई की मौत हो गई। सूचना पर वे मौके पर पहुंचे तो चौहिलांवाली गउशाला के पास खड़ी उसके भाई की कार, बोलेरो कैम्पर की टक्कर लगने से पूरी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। बौलेरो कैम्पर नम्बर आरजे 31 यूवी 0004 के चालक ने अपनी साइड में चल रही उसके भाई की कार में तेजी व लापरवाही से वाहन चलाकर गलत साइड में सामने से टक्कर मारी। तब उन्हें पता चला कि उसके भाई का शव रावतसर के सरकारी अस्पताल ले गए हैं व बौलेरो कैम्पर चालक महेन्द्र बगड़िया के भी चोट लगी है। इस पर वे रावतसर के अस्पताल में गए। टाउन पुलिस ने बोलेरो कैम्पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच लखूवाली चौकी प्रभारी एसआई लाल बहादुर चन्द्र को सौंपी है। पुलिस ने रावतसर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।