Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बैरिकेडिंग के विरोध में आधा दिन बंद रखी दुकानें

  • जिला कलक्टर को दुकानों की चाबियां सौंपने की कही बात
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन के मुख्य बाजार में रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित बैजनाथ सागरमल बिहाणी ट्रस्ट की दुकानों के आगे भूस्वामियों की ओर से बैरिकेडिंग करवाने के विरोध में शुक्रवार को दुकानदारों ने आधा दिन दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान दुकानदारों ने दुकानों के समक्ष एकत्रित होकर प्रशासन व भूस्वामियों के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही प्रशासन से बैरकेडिंग हटवाने की मांग की। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया की ओर से जबरन दुकानदारों से दुकानें खाली करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी दुकानें जर्जर अवस्था में नहीं हैं। बावजूद इसके उनकी दुकानों को जर्जर बताकर जबरन खाली करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर दुकानदार जगजीत सिंह का कहना था कि दुकानों के आगे बैरिकेडिंग से जहां ग्राहकी प्रभावित हुई है वहीं आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैरिकेडिंग करवाने के पीछे भूस्वामियों का मकसद भूमाफियों के साथ सांठ-गांठ कर इस बेशकीमती जगह को कब्जाना है। अनिल गक्खड़ ने बताया कि 27 फरवरी को जब भूस्वामियों की ओर से दुकानों के आगे बैरिकेडिंग करवाई गई थी तब जहां लगाए गए फ्लैक्स पर यह कार्रवाई नगर परिषद आयुक्त के आदेशानुसार करने का हवाला किया गया था। लेकिन नगर परिषद सभापति ने इस तरह के कोई आदेश नहीं दिए जाने की बात कही। इस पर भूस्वामियों ने आयुक्त हटवा दिया। ऐसे में नगर परिषद की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह लोगों को भ्रमित करने के लिए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करे और मुकदमा दर्ज करवाए। साथ ही कहा कि दुकानदार भी चुप बैठने वाले नहीं। वे भी बैरिकेडिंग करवाने वाले भूस्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की कार्रवाई करेंगे। वे अपना हक लेकर रहेंगे। गक्खड़ ने कहा कि दुकानों के आगे बैरिकेडिंग करवाने से उनकी रोजी-रोटी का जरिया खत्म हो चुका है। अगर सुनवाई नहीं हुई तो जिला कलक्टर से मिलकर उन्हें दुकानों की चाबियां सौंप दी जाएंगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बैरिकेडिंग हटवाकर भूमाफियों व भूस्वामियों को पाबंद किया जाए कि वे दुकानदारों को बेवजह परेशान न करें।