नोएडा।
अगर आप बेरोजगार हैं और एक नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। दिल्ली से सटे नोएडा में जल्द ही तीन दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें आने वाली कई बड़ी और नामी-गिरामी कंपनियां युवाओं का चयन करने आने वाली हैं। इस रोजगार मेले में शामिल होकर बेरोजगार युवा बिना किसी पहचान और सिफारिश के अच्छी नौकरी पा सकते हैं।
गौतमबुद्ध नगर के जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गौतमबुद्ध नगर के युवाओं के लिए 8 मार्च, 24 मार्च और 31 मार्च को नोएडा के सेक्टर-31 स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नोएडा के प्रधानाचार्य ने आईटीआई, 10वीं,12वीं, डिप्लोमा, ग्रेजुएट उत्तीर्ण युवक-युवतियों से रोजगार मेले में सम्मिलित होने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि आयोजित होने वाले रोजगार मेले में हिस्सा लेने के लिए अभ्यार्थी सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक अपने सभी मूल प्रमाण पत्र एवं फोटोकॉपी के साथ मेले में शामिल हो सकते हैं।