Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मैं पंडित नहीं हूं… अमित शाह से मिल चुनाव नतीजों पर बोले कैप्टन अमरिंदर सिंह

नई दिल्ली

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैंप्टन अमरिंदर सिंह ने चुनाव नतीजों पर भविष्यवाणी करने से इनकार किया है। सोमवार को दिल्ली में कैप्टन अमरिंदर से उनके गठबंधन की स्थिति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देखते हैं क्या होता है। अमरिंदर ने कहा, “मैं पंडित नहीं हूं। मैं कोई ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो भविष्यवाणी कर सके। मेरी पार्टी ने अच्छा किया है। बीजेपी ने अच्छा किया है। देखिए क्या होता है।”

राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक को लेकर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, “चुनाव का रिजल्ट अभी यहां नहीं हैं। मैंने गृहमंत्री के साथ सामान्य चर्चा की, नतीजे आने के बाद विस्तार से चर्चा होगी। बैठक के दौरान पंजाब पर आम चर्चा हुई, चुनाव पर नहीं।”

चुनाव नतीजों से पहले भाजपा की समीक्षा बैठक
दरअसल, पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे 10 मार्च को आने वाले हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने उससे पहले ही समीक्षा बैठक शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कैडर तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ, भाजपा ने शुक्रवार को विधानसभा चुनावों में अपने प्रदर्शन की समीक्षा के लिए एक बैठक की।