Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सभापति ने रूकवाया बजरी से भरा ओवरलोड ट्रॉला, परिवहन विभाग ने किया सीज

  • नो एंट्री में घुसा था ट्रॉला, नगर परिषद सभापति व निर्माण समिति अध्यक्ष बोले, किसी भी सूरत में नहीं तोड़ने दी जाएंगी शहर की सड़कें
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    हाल ही में शहर में बनाई गई सड़कों को टूटने से बचाने के लिए नगर परिषद गंभीर हो गई है। इसका उदाहरण सोमवार को उस समय देखने को मिला जब नगर परिषद सभापति व निर्माण समिति अध्यक्ष ने नो एंट्री में घुसे बजरी से भरे ओवरलोड ट्रॉले को रूकवा परिवहन विभाग की टीम को मौके पर बुलवा सीज करने की कार्रवाई की। नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल व निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां की सूचना पर मौके पर जिला परिवहन अधिकारी जगदीश अमरावत विभाग की टीम के साथ पहुंचे। परिवहन विभाग के निरीक्षक पवन चुघ ने ट्रॉले को सीज करने की कार्रवाई कर जंक्शन पुलिस थाना में खड़ा कर दिया। इस मौके पर जिला परिवहन अधिकारी जगदीश अमरावत ने बताया कि दिन के समय शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक है। सोमवार को बजरी से भरा एक ट्रक नो एंट्री में घुस गया। नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल ने उक्त ट्रक को रूकवा उन्हें सूचना दी। सूचना पर परिवहन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच ट्रक को सीज करने की कार्रवाई की। डीटीओ अमरावत के अनुसार चालक के पास ट्रक के सभी दस्तावेज भी नहीं थे। साथ ही ट्रक ओवरलोड था। बाद में ट्रक को खाली करवा कांटा पर्ची मंगवा सीज करने की कार्रवाई की गई।