बीकानेर
बीकानेर में इंटरनेशनल कैमल फेस्टिवल के पहले दिन ऊंटों ने जमकर करतब दिखाए। यहां नेशनल रिसर्च सेंटर ऑन कैमल (NRCC) के मैदान पर एक तरफ ऊंट नृत्य कर रहे थे तो दूसरी तरफ ऊंटों की दौड़ चल रही थी। बालों की कतरन करके ऊंटों के शरीर पर कई रोचक चित्र भी बनाए गए। ऊंट दौड़ ने हर किसी को रोमांचित कर दिया। यह फेस्टिवल 8 मार्च तक चलेगा।
ऊंट दौड़े तो थम गई सांसें
NRCC के मैदान पर ऊंटों ने तीन दौर में अपनी दौड़ पूरी की। करीब तीन सौ मीटर की इस दौड़ में ऊंट का मालिक उस पर सवारी कर रहा था। सीटी बजने के साथ ही ऊंट सरपट भागे। टारगेट के नजदीक आते-आते तो ऊंटों की दौड़ देखने लायक थी। फिर रेतीले टिब्बों पर हुई इस दौड़ में इमरान का ऊंट सबसे आगे रहा। उसे पहला पुरस्कार भी मिला। दूसरे नंबर पर खानू खान रहा जबकि तीसरा नंबर भागीरथ को मिला। तीन राउंड में दौड़े ऊंटों में सबसे कम समय में पहुंचने वाले ऊंट को पहला पुरस्कार मिला।