Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

HDFC बैंक को आरबीआई ने दी बड़ी खुशखबरी, ग्राहकों पर भी होगा असर!

नई दिल्ली

प्राइवेट सेक्टर के एचडीएफसी बैंक को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से बड़ी राहत मिली है। आरबीआई ने बैंक के डिजिटल लॉन्च पर लगी रोक हटा दी है। 

क्या है मामला: साल 2020 में आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक के डाटा सेंटर में बार-बार दिक्कतों को देखते हुए कई तरह के प्रतिबंध लगाए थे। इसमें नए क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को जोड़ने पर भी रोक शामिल थी। इसके अलावा, आरबीआई ने बैंक बोर्ड को खामियों की जांच करने और जवाबदेही तय करने का भी निर्देश दिया था। हालांकि, पिछले साल अगस्त में बैंक पर लगी रोक आंशिक रूप से हटा दी गई थी। अब नए फैसले के बाद बैंक के लिए नए बिजनेस प्लान को पूरा करने का रास्ता खुल गया है। 

क्या कहा बैंक ने: शेयर बाजार को दी जानकारी में एचडीएफसी बैंक ने कहा कि वह आरबीआई की सिफारिशों के अनुपालन के उच्चतम मानकों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बैंक ने कहा, “हमने इस समय का उपयोग अपने ग्राहकों की उभरती डिजिटल आवश्यकताओं को पूरा करने को लघु, मध्यम और दीर्घकालिक योजनाओं को तैयार करने के लिए किया है। हम आने वाले दिनों में इन पहलों को शुरू करेंगे। हमें खुशी है कि एक बार फिर ग्राहकों को अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सेवाओं को उपलब्ध करा सकेंगे।”