Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुल निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप, आधे घंटे किया चक्काजाम

  • दुकानदारों ने ठेकेदार फर्म की ओर से बरती जा रही अनियमितताओं के खिलाफ जताया विरोध
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव सतीपुरा में चल रहे एफओबी निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए सतीपुरा फाटक व अबोहर रोड की तरफ के दुकानदारों ने रविवार को सड़क जाम कर आक्रोश जताया। दुकानदारों ने निर्माण एजेंसी के साथ-साथ जिला प्रशाशन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर पार्षद राजेन्द्र चौधरी ने आरोप लगाया कि सतीपुरा फाटक पर कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से करवाए जा रहे एफओबी के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। इससे आसपास के दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी की ओर से कच्ची सड़क पर पानी नहीं डलवाया जा रहा। इस कारण सारा दिन मिट्टी उड़ती रहती है। मिट्टी के कारण सांस लेना मुश्किल हो जाता है। दूसरी तरफ दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। यहां से वाहन गुजरने के दौरान मिट्टी उड़ते रहने के कारण ग्राहक भी नहीं रुकते। चौधरी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान गंदे पानी की निकासी का नाला पिछले 10 दिनों से बंद पड़ा है जिसे ठीक न करवाने के कारण बिजली कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही। ठीक करवाने के लिए कहने पर मिस्त्री न होने की बात कही जा रही है। चौधरी ने बताया कि अबोहर रोड की तरफ से जहां पुल शुरू हो रहा है वहां गड्ढा खोद कर छोड़ दिया गया है परन्तु वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए किसी भी तरह का सेफ्टी पॉइंट नहीं लगाया गया जबकि निर्माण एजेंसी को गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेडस, रेडियम पट्टी, खतरे को दर्शाते लाल निशान आदि लगाने चाहिएं। पुल के दोनों तरफ सर्विस रोड बनानी चाहिए जो नहीं बनाई गई। ऐसे में अगर कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाए तो किसकी जवाबदेही होगी। राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि इतना बढ़ा निर्माण कार्य चल रहा है परन्तु कोई भी अधिकारी मॉनिटरिंग के लिए नहीं आया। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाने के बाद मुख्य अभियन्ता ने मौके पर पहुंच ठेकेदार फर्म को सड़क पर पानी डालने के लिए कहा था परन्तु कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सोमवार को पुन: पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से मिल उन्हें अवगत करवाया जाएगा। उसके बाद भी समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों, निर्माण एजेंसी व जिला प्रशाशन की होगी। करीब आधे घण्टे चले चक्काजाम को ठेकेदार फर्म के कारिंदे की ओर से आधे घण्टे में पानी डलवाने के आश्वासन पर समाप्त कर दिया गया। इस दौरान पप्पू गिल, राकेश निवाद, जयदीप, मंगतराम, हरिसिंह, वीर, रविताभ बैरवा, अमरसिंह आदि मौजूद थे।