एथलेटिक्स एसोसिएशन ने 10 हजार का जुर्माना लगाया, खेल अधिकारी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। स्टेट एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने आए जयपुर और चूरू के दो खिलाड़ियों ने ऐसी घिनौनी हरकत कर डाली,जिससे खेल भावना को ठेस पहुंची ही वही करोड़ों की लागत से महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में नवनिर्मित रेसिंग ट्रैक और मैदान को भी क्षति पहुंची। इन खिलाड़ियों ने तेजाब डालकर मदान और ट्रैक को क्षतिग्रस्त कर दिया। एथलेटिक्स एसोसिएशन ने इन इन खिलाड़ियों पर इस हरकत के लिए 10 हजार का जुर्माना लगाया है, वही प्रभारी जिला खेलकूद अधिकारी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने इन पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली में जयपुर के सुनील धेतरवाल और चूरू के अमित कुमार के विरुद्ध दर्ज मुकदमे की जांच कर रहे एएसआई महेंद्रसिंह ने आज हिंदूमलकोट मार्ग पर महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में जाकर मैदान और रेसिंग ट्रैक का निरीक्षण किया। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की कार्यवाही की।स्टेडियम के सुरक्षाकर्मियों अन्य कर्मचारियों और खिलाड़ियों से भी पूछताछ की। प्रभारी जिला खेलकूद अधिकारी सुरेंद्र बिश्नोई ने बताया कि राजस्थान एथलेटिक्स एसोसिएशन को 13 और 14 मार्च को दो दिवसीय राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए महाराजा गंगासिंह स्टेडियम आवंटित किया गया है। मैदान और ट्रक को खराब करने की घटना विगत 12 मार्च सुबह करीब 10:45 बजे की है। दो युवक सुरक्षा के लिए लगाई हुई फेंसिंग से कूदकर मैदान में चले गए। इनके पास बोतलों में तेजाब था। युवकों ने मैदान में डिस्कस एवं हैमर थ्रो के लिए बनाए सर्किल पर जाकर तेजाब उड़ेल दिया। कुछ तेजाब पास में ही रेसिंग ट्रैक पर भी गिर गया,जिससे ट्रैक भी खराब हो गया।यह युवक फेंसिंग कूदकर वापस बाहर आ गए। खेल अधिकारी के अनुसार इस घटना का तुरंत ही पता चल गया। सुरक्षाकर्मियों और तीरंदाजी के एक अल्पकालीन प्रशिक्षक ने इन युवकों को हरकत करते हुए देख लिया। बाद में इनकी पहचान सुनील धेतरवाल और अमित कुमार के रूप में हुई।खेल अधिकारी ने बताया कि घटना का तत्काल पता चल जाने से तुरंत ही डिस्कस- हैमर थ्रो सर्किल की मरम्मत कर दी गई। ट्रैक का कुछ हिस्सा खराब हुआ है, जिसे ठीक किया जा रहा है।बता दें कि 7 करोड़ की लागत से यह सिंथेटिक ट्रेक 2 वर्ष पहले बनाया गया है। खेल अधिकारी के अनुसार इन खिलाड़ियों की हरकत की जानकारी तत्काल एथलेटिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों को दी गई। उन्होंने इन दोनों खिलाड़ियों को तलब किया। पहले तो यह खिलाड़ी इनकार करते रहे लेकिन बाद में मान गए और माफी मांगने लगे।एसोसिएशन ने दोनों को 5-5 हजार का जुर्माना लगाया। यह जुर्माना राशि स्टेडियम को दे दी गई। खेल अधिकारी ने बताया कि अमित और सुनील भी हैमर और डिस्कस थ्रो के खिलाड़ी हैं, जो एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आए हैं। दूसरे प्रतियोगी खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस को खराब करने के उद्देश्य से उन्होंने तेजाब डालकर मैदान खराब कर कर दिया।यह दोनों राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना चाहते थे। इनको लगा कि मैदान खराब कर देने से दूसरे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकेंगे। इससे उनके चयनित होने का अवसर बढ़ जाएगा। खेल अधिकारी ने बताया कि एसोसिएशन ने इन खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा से इनके भविष्य को देखते हुए बाहर नहीं किया। दोनों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। मगर यह घटना गंभीर है, इसलिए इनके खिलाफ कोतवाली में अपराधिक मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने आज घटना स्थल पर आकर जांच की और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।