चुरू जिले में सुजानगढ़ सदर थाना अंतर्गत बड़ाबर गांव में होलिका दहन की पूर्व रात को एक सनसनीखेज घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति ने सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से गर्दन काट कर हत्या कर दी और खुद खेत में जाकर पेड़ से फंदा लगाकर लटक गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नारायण ने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग 5 बजे थाने में सूचना प्राप्त हुई कि बडाबर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली है। घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की गई तो मृतकों की पहचान भागूराम मेघवाल (45) और उसकी पत्नी विमला (42) के रूप में हुई। विमला की लाश घर के एक कमरे में चारपाई पर खून से लथपथ पड़ी थी। घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर भागूराम की लाश एक खेत में पेड़ से लटक रही थी। सब इंस्पेक्टर नारायण ने बताया कि शुरुआती पूछताछ और जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी में काफी समय से विवाद मनमुटाव चल रहा था। इस दंपति के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।मजदूरी करने वाला भागूराम जहां अत्यधिक शराब पीने का आदी था, वही वह कथित रूप से विमला पर शक भी करता था। इसी बात को लेकर इनमें अक्सर कहासुनी और झगड़ा हो जाता था। सब इंस्पेक्टर नारायण ने बताया कि कल रात को दंपति के दो बेटे और एक बेटी घर में ही दूसरी तरफ दादा-दादी के पास सोए थे। 10 वर्षीय बेटी इनके साथ कमरे में सोई थी। आज सुबह आंख खुलने पर बेटी ने मां को खून से लथपथ मृत पड़े देखा तो जोर से चीखी-चिल्लाई। दादा-दादी ने आकर कमरे के हालात देखे तो बदहवास हो गए। विमला देवी का कत्ल हो जाने की बात गांव में फैल गई। गांव के लोग भागूराम को तलाश करने लगे तो वह पेड़ से लटकते हुए मिला। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि मौके के हालात देखकर उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई।बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके की कार्रवाई के बाद लाशों को पोस्टमार्टम के लिए सुजानगढ़ के सरकारी अस्पताल में लाया गया। पुलिस के मुताबिक भागूराम की शादी करीब 18 वर्ष पहले निकट के गांव खूड़ी निवासी विमला से हुई थी। शादी के बाद इस दंपति के चार संताने हुईं। भागूराम को शराब पीने की लत लग गई।इस बात को लेक विमला से झगड़ा होने लगा। दूसरी तरफ भागूराम को विमला पर शक होने लगा। इन बातों को लेकर दोनों में क्लेश हो जाया करता था। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि भागूराम ने कल रात 2:30-3:00 बजे के बीच कमरे में बगल की चारपाई पर सोते समय विमला के गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। पास में ही सो रही उसकी 10 वर्षीय पुत्री को इसका पता नहीं चला, क्योंकि कुल्हाड़ी से इतना तेज वार किया गया कि विमला की आवाज तक नहीं निकली। पुलिस ने बताया कि भागूराम के पिता और विमला के भाई ने रिपोर्ट दी है। भाई शीशपाल की रिपोर्ट पर धारा 302 के तहत कत्ल का मुकदमा दर्ज किया गया है।मृतक भागूराम के पिता की रिपोर्ट पर खुदकुशी का अलग से मामला दर्ज किया गया है।पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाशें दोनों के परिवार जनों को सौंप दी गईं।