नशाखोरी त्यागने के लिए प्रत्येक व्यक्ति के योगदान की आवश्यकता
by seemasandesh
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मंशा के द्वितीय चरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ आगाज हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मिशन अगेंस्ट नारकोटिक सबस्टेंस एब्यूज (मंशा) के द्वितीय चरण का आगाज बुधवार को हुआ। इस उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम बुधवार सुबह शहीद-ए-आजम भगत सिंह की पुण्यतिथि शहीद दिवस के मौके पर जंक्शन के शहीद भगतसिंह चौक पर हुआ। कार्यक्रम में जिला कलक्टर नथमल डिडेल, जिला परिषद सीईओ अशाोक असीजा, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, जिला अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, नगर परिषद निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, नेहरु युवा केन्द्र की जिला युवा अधिकारी मधु यादव समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर जिला कलक्टर डिडेल ने कहा कि शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव ने देश को स्वतंत्र कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। इसलिए आज पूरे देश में इन शहीदों की याद में शहादत दिवस मनाया जा रहा है। डिडेल ने कहा कि इन शहीदों से हम यह बात सीख सकते हैं कि जब देशप्रेम-राष्टÑवाद की बात आती है तो प्रत्येक व्यक्ति को खुद के स्वार्थ छोड़कर देश हित के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हमारे सामने नशाखोरी सहित कई चुनौतियां हैं। इन बुराइयों का त्याग करने में प्रत्येक व्यक्ति के योगदान की आवश्यकता है। डिडेल ने बताया कि संभागीय आयुक्त के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ शुरू किए गए अभियान मंशा के तहत जिला प्रशासन की ओर से 101 दिन की कार्ययोजना बनाई गई है। जिले को नशामुक्त करने के लिए बलिदान दिवस पर मंशा अभियान के दूसरे चरण की शुरूआत की गई है। पहले चरण में यह अभियान काफी सफल रहा। पहले चरण में स्कूल-कॉलेज, पंचायत आदि में कार्यक्रम किए गए। दूसरे चरण में सभी धार्मिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा ताकि अधिकतम लोगों से अपील की जा सके कि हमारी पीढ़ी को नशे से दूर किया जा सके। जिला प्रशासन का लगातार प्रयास रहेगा कि प्रत्येक व्यक्ति नशे के खिलाफ जागरूक हो। वह न तो स्वयं नशा करे और दूसरों का नशा छुड़वाने में प्रशासन का सहयोग करे। उम्मीद है जब सब लोग मिलकर यह संकल्प लेकर कार्य करेंगे तो निश्चित ही हनुमानगढ़ जिला नशे से मुक्त होगा। कार्यक्रम में जिला कलक्ट्रेट के कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल, राजीव गांधी स्टेडियम के ओम सैन के अलावा शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।