शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव की पुण्यतिथि पर कलक्ट्रेट परिसर में हुआ कार्यक्रम हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। देश को आजाद करवाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव की पुण्यतिथि पर बुधवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने कलक्ट्रेट परिसर में स्थापित राष्टÑपिता महात्मा गांधी के स्टैच्यू पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्र्रम में जिला कलक्टर नथमल डिडेल, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया, जिला परिषद सीईओ अशोक असीजा, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, उपसभापति अनिल खीचड़, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला सह संयोजक तरुण विजय, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, नेहरु युवा केन्द्र की जिला युवा अधिकारी मधु यादव, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई मौजूद थे। इस मौके पर जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि बलिदान दिवस पर हमें संकल्प लेने की आवश्यकता है कि आज देश के सामने आ रही चुनौतियां से लड़ने के लिए हम हमारी पीढ़ी को तैयार करेंगे। जब सभी मिलकर लड़ाई लड़ेंगे तभी इस देश को आगे ले जा पाएंगे। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला सह संयोजक तरुण विजय ने बताया कि प्रदेश के गांधीवादी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव का बलिदान दिवस पूरे प्रदेश में सभी जिला मुख्यालयों पर मनाया गया है। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर भी बलिदान दिवस पर राष्टÑपिता महात्मा गांधी के स्टैच्यू पर पुष्पांजलि का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पीछे की मंशा राष्टÑपिता महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। तरुण विजय ने इस मौके पर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने का सन्देश देते हुए कहा कि नशा हमारे जीवन को खोखला कर देता है। बलिदान दिवस पर सभी ने यह प्रण भी लिया है कि जिले को नशामुक्त करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति की ओर से भी नशे के खिलाफ युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर मास्टर फूलसिंह, जिला कलक्ट्रेट के कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल, नगर परिषद मुख्य स्वच्छता निरीक्षक प्रेमलता पुरी, राजीव गांधी स्टेडियम के ओम सैन, स्काउट-गाइड के बच्चे आदि भी मौजूद थे।