आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्टेशन अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। हनुमानगढ़ से सरदारशहर के बीच रेलगाड़ी चलाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जंक्शन रेलवे स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले पार्टी कार्यकर्ता मांग लिखे बैनर गले में लटकाए नारेबाजी करते हुए स्टेशन पर पहुंचे और ज्ञापन सौंप मांग से अवगत करवाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि हनुमानगढ़ से सरदारशहर की दूरी करीब 160 किलोमीटर है। वर्तमान में यात्रियों को हनुमानगढ़ से सरदारशहर के बीच अधिक किराया देकर राजस्थान रोडवेज, लोक परिवहन व निजी बसों से आवागमन करने की मजबूरी है। हनुमानगढ़ से सरदारशहर के बीच का अधिकतर क्षेत्र रेतीला है जो वर्षा पर आधारित है। अमूमन यहां अकाल जैसे हालात रहते हैं। इस क्षेत्र के लोग आर्थिक दृष्टि से ज्यादा मजबूत नहीं हैं। ऐसे में रेल की सुविधा न होना इस क्षेत्र के लिए एक अभिशाप के समान है। इस कारण उद्योग धंधे भी विकसित नहीं हो रहे हैं। इस क्षेत्र में जिप्सम का अकूट भण्डार है। लेकिन परिवहन की व्यवस्था न होने के कारण न तो सरकार लीज के लिए पट्टे जारी कर रही है और न ही किसानों को लाभ हो रहा है। अगर परिवहन की व्यवस्था हो तो जिप्सम को अन्य राज्यों या भारत से बाहर भेजा जा सकता है। इससे इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो सकती है। लेकिन उसके लिए परिवहन व्यवस्था के तहत रेल शुरू होना जरूरी है। बेनीवाल ने बताया कि रेल सुविधा न होने के कारण हनुमानगढ़ से सरदारशहर जाने के लिए कम से कम 4 घंटे का समय लगता है। एक तरीके से राज्य परिवहन निगम व निजी बस आॅपरेटरों की ओर से लोगों की जेबों पर डाका डाला जा रहा है। रेल में सफर करने पर एक तरफ का करीब 40 से 50 रुपए किराया लगता है। वहां यात्रियों को 200 से 215 रुपए देकर सफर करने की मजबूरी है। यानि पांच गुणा अधिक किराया देकर यात्रा करनी पड़ रही है। उसी के अनुपात में महंगाई है। इस क्षेत्र के लोगों को अन्य क्षेत्र के लोगों के मुकाबले वस्तुएं महंगी मिलती हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सरदारशहर का बड़ा नाम है। लेकिन रेल परिवहन सुविधा न होने से सरदारशहर के आसपास के बच्चे शिक्षा से वंचित हैं। बेनीवाल ने कहा कि हनुमानगढ़ से सरदारशहर के बीच रेल शुरू करने की मांग आमजन की ओर से लम्बे समय से की जा रही है। लेकिन सत्ता में आई सरकारों ने इस समस्या को कभी भी जन समस्या नहीं माना। इसी का परिणाम है कि यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हनुमानगढ़ से सरदारशहर के बीच रेल शुरू करने की मांग की।