लॉ कॉलेज के छह छात्रों को निष्कासित करने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय के छह छात्रों को निष्कासित करने के विरोध में छात्रों का कॉलेज के समक्ष बेमियादी धरना बुधवार को दसवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को धरनास्थल पर छात्रों की ओर से शहीद-ए-आजम भगतसिंह का शहादत दिवस मनाया गया। छात्रों ने शहीद भगतसिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। भारत माता की जय व छात्र एकता जिन्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील चाहर ने कहा कि छात्रों का निष्कासन रद्द करने सहित अन्य मांगों के संबंध में कॉलेज प्रशासन को कई बार अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। बार-बार निवेदन कर छात्र थक चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब तक छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें मनवाने का प्रयास किया लेकिन कॉलेज प्रशासन के कानों पर जूं नहीं रेंगी। अब आंदोलन को तेज किया जाएगा। इसके लिए रणनीति तय की जा रही है। बाजार बंद, चक्काजाम करने का निर्णय लिया जा सकता है। धरनास्थल पर संदीप सिहाग सहित कई छात्र मौजूद थे।