Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हनुमानगढ़ नशे के रूप में बदनाम, इसके लिए हम सब जिम्मेवार

  • ‘मंशा’ के प्रथम चरण दौरान हुए कार्यक्रम एवं तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से संबंधित स्लाइड शो कार्यक्रम का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला कलक्टर के दिशा-निर्देशों की पालना में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मिशन अगेंस्ट नारकोटिक सबस्टेंस एब्यूज (मंशा) अभियान के तहत प्रथम चरण 14 फरवरी से 23 मार्च तक आयोजित कार्यक्रम एवं तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से संबंधित स्लाइड शो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम टाउन के राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित हुआ। इस दौरान मंशा अभियान के द्वितीय चरण का भी शहीद भगतसिंह की पुण्यतिथि से आगाज किया गया। द्वितीय चरण 4 जुलाई तक चलेगा। कार्यक्र्रम में अतिथियों के रूप में जिला अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक विक्रमसिंह शेखावत, पुलिस उप अधीक्षक प्रशांत कौशिक, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, टाउन पुलिस थाना प्रभारी दिनेश सारण मौजूद रहे। इस दौरान चिकित्सा विभाग की ओर से स्लाइड शो के तहत वीडियो दिखाए गए। छात्र-छात्राओं ने भी कुछ सुझाव दिए। अतिथियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहें। इसके साथ दूसरों को भी नशा न करने दें। तरुण विजय ने कहा कि शहीदी दिवस पर आज युवा पीढ़ी संकल्प ले कि वह नशा नहीं करेगी। जो नशा नहीं करता वह अपने परिवार के उस सदस्य या आस-पड़ोस के उस व्यक्ति को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करे जो किसी भी तरह का नशा करता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग की ओर से अपने स्तर पर हनुमानगढ़ को नशामुक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन सिर्फ प्रशासन के प्रयास से यह अभियान सफल नहीं हो सकता। इसमें युवा पीढ़ी की भागीदारी आवश्यक है। डीएसपी प्रशांत कौशिक ने कहा कि आज हनुमानगढ़ नशे के रूप में बदनाम हो रहा है। इसके लिए किसी न किसी रूप में हम सब जिम्मेवार हैं। साथ ही कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने फायदे के लिए कोई काम करता है। लेकिन नशे से सिर्फ शरीर का नुकसान ही होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे यहां से जाने के बाद अपने घर-परिवार के अलावा मोहल्ले में नशे के खिलाफ चर्चा जरूर करें ताकि लोग भी जागरूक हों। टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण ने कहा कि मंशा अभियान के द्वितीय चरण में पुलिस का प्रयास रहेगा कि नशे के खिलाफ अधिक से अधिक कार्रवाई कर इस कारोबार से जुड़े लोगों को सख्त से सख्त सजा दिलवा हनुमानगढ़ को पूर्णतया नशामुक्त किया जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने मंशा अभियान के द्वितीय चरण की जानकारी देते हुए बताया कि संभागीय आयुक्त के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ शुरू किए गए अभियान मंशा के दूसरे चरण का आगाज शहीद दिवस से किया गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि प्रशासन के साथ मिलकर हनुमानगढ़ को नशामुक्त बनाया जाए। कार्यक्रम में तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नीपेन शर्मा सहित कॉलेज स्टॉफ व छात्र-छात्राएं मौजूद थे।