Monday, May 18निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पार्षदों की चेतावनी के बाद जस्सासिंह मार्ग का निर्माण शुरू

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
महाराजा जस्सासिंह रामगढ़िया मार्ग की क्षतिग्रस्त हालत को लेकर साथ चिपते आठ वार्डों के पार्षदों का दबाव आखिर काम आया। पार्षदों ने कुछ दिन पहले पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि इस मार्ग पर 1.40 करोड़ से निर्माण होना है, लेकिन काम नहीं शुरू हो रहा, जिसके चलते सड़क पर ही धरना लगाया जाएगा। ऐसे में तब पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने 23 मार्च को काम शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन 22 मार्च तक काम शुरू नहीं हुआ, जिसके चलते पूर्व पार्षद कांग्रेस नेता सुरेन्द्र स्वामी के नेतृत्व में पार्षदों ने 23 मार्च को सड़क पर धरने की दुबारा चेतावनी दी।
जस्सासिंह मार्ग के आसपास 8 वार्डाें के अलावा अन्य कॉलोनीवासियों का भी यहां से गुजरना होता है। ऐसे में 23 मार्च सुबह ही पार्षद और आम लोग इस मार्ग पर इकट्ठा होना शुरू हो गए। पार्षद और लोग एकत्रित हुए और ऐलान किया कि पीडब्ल्यूडी अधिकारी वादे से मुकरे हैं और इन्हें कार्यालय में नहीं बैठने दिया जाएगा। लेकिन इसी बीच सड़क निर्माण कार्य करने के लिए मशीनें, मैटीरियल पहुंचने लगा। मौके पर आश्वास्त किया गया कि सड़क निर्माण अभी शुरू किया जा रहा है। इस पर लोग शांत हुए और 1.40 करोड़ रुपए से बनने वाले जस्सासिह मार्ग के निर्माण का शुभारम्भ आॅटो चालक कुलदीप सिंह और उसके परिवार के हाथों से करवाया गया। इससे पहले शहीदे आजम भगत सिंह को शहीदी दिवस पर याद किया गया।