-49 एलएनपी में बने नये पुल का लोकार्पण
श्रीगंगानगर(सीमा सन्देश)। एलएनपी नहर के नवनिर्वाचित चेयरमैन हनुमान पूनिया ने कार्यभार ग्रहण करते ही किसानों के हित में धमाकेदार शुरूआत कर दी है। उन्होंने एलएनपी नहर के किसानों की समस्या का समाधान करवाया है। कार्यभार संभालने के बाद वे अपने संगम अध्यक्षों एनआर ज्याणी, गौतम मांझू, ओमप्रकाश सिहाग, बुधराम सुथार, सोहन झटवाल, अमरजीत बुट्टर, मंगत सिंह समरा, राजेन्द्र कड़वासरा आदि के साथ जोड़कियां-बींझबायला मार्ग पर एलएनपी मुख्य वितरिका पर बने पुल पर पहुंच गये। मौके पर ही सिंचाई व सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बुलाकर 49 एलएनपी में बने नये पुल का लोकार्पण करवाया। ज्ञातव्य है कि वे पुराने पुल के नीचा होने के कारण इसमें आए दिन फंसने वाले कचरे व केळी आदि से टेल के किसानों को होने वाले पानी के नुकसान की जानकारी अधिकारियों को देते हुए पहले से ही इस समस्या से अवगत करवाते हुए उन्हें यह बेकार पुल हटवाने का अनुरोध किया था। विभाग ने साल भर पहले पुल का निर्माण तो किया, लेकिन यातायात का परिवर्तन नहीं किया और पुराने पुल को तोड़ा नहीं गया। एक्सईएन चंद्रभान गुप्ता, एईएन सुनील काजला के साथ इस पुल का उक्त सभी ने लोकार्पण किया। इसके साथ ही पूनिया ने एसई के नाम लिखे पत्र में आग्रह किया कि पुराने पुल को ध्वस्त कर एवं नए पुल का बढ़ाकर बड़ा किया जाए। जब तक पुल बड़ा नहीं बनता, तब तक पुल पर अस्थाई पिल्लरों का निर्माण किया जाए ताकि बेसहारा पशुओं आदि का नहर में गिरने का भय न रहे। एईएन ने इसकी तुरंत ही अपनी ओर से स्वीकृति प्रदान कर उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही।