हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पंजाब स्थित पीहर से राजस्थान स्थित ससुराल के लिए बस में रवाना हुई महिला अपने बच्चे सहित लापता हो गई। इसके बाद वह ससुराल स्थित घर नहीं पहुंची। इसके चलते पूरा परिवार परेशान है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। जानकारी के अनुसार पीलीबंगा तहसील के गांव प्रेमपुरा निवासी बनारसी उर्फ मीनाक्षी पत्नी मुकेश कुमार सुथार कुछ दिन पहले अपने बेटे ऋषभ के साथ अपने पीहर गांव शेरेवाला पंजाब गई थी। बनारसी उर्फ मीनाक्षी के पिता ने दोनों को 21 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे अबोहर-हनुमानगढ़ रोड पर स्थित गांव राजपुरा के बस स्टैंड से हनुमानगढ़ की ओर जाने वाली बस में बैठाया था। लेकिन इसके बाद से बनारसी उर्फ मीनाक्षी व ऋषभ गांव प्रेमपुरा नहीं पहुंचे। न ही बस में बैठने के बाद से इन दोनों का कोई पता चला है। पुलिस के अनुसार अभी तक मां-बेटे के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई है। बनारसी उर्फ मीनाक्षी के परिजनों के अनुसार बनारसी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। अगर कोई भी व्यक्ति इन्हें कहीं भी देखे तो पीलीबंगा या अन्य नजदीकी पुलिस थाना में सूचना देने का आग्रह किया गया है।