नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद रविवार को मायावती ने लखनऊ में बसपा की समीक्षा बैठक बुलाई थी। इसमें हार पर चर्चा से ज्यादा मायावती ने अहम फैसले सुना दिए। एक तरफ उन्होंने प्रदेश और जिला अध्यक्षों को छोड़कर सभी कमेटियों को भंग कर दिया तो वहीं राज्य में तीन चीफ कोऑर्डिनेटर्स को नियुक्त किया है। इससे भी अहम फैसला यह है कि मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को बसपा का राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर नियुक्त कर दिया है। यह बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने से इस बात के भी कयास लगने लगे हैं कि क्या आकाश आनंद ही मायावती के बाद दूसरे नंबर के नेता होंगे। माना जा रहा है कि मायावती अब भतीजे आकाश आनंद को यूपी में सक्रिय कर सकती हैं। कयास थे कि यूपी चुनाव के दौरान ही आकाश को सामने लाया जाना था। इस दौरान उनको पंजाब और उत्तराखंड तक सीमित रखा गया था।