Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मुंबई इंडियंस को मिली राहत, सूर्यकुमार यादव दूसरे मैच के लिए रहेंगे उपलब्ध

मुंबई

पांच बार की आईपीएल चैपियन मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए एक खुशखबरी है। स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव रिहैबिलिटेशन से वापस लौट आए हैं और अब वह टीम के दूसरे मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। सुर्यकुमार चोट के कारण दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले मैच में मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए। लेकिन अब वह चोट से पूरी तरह से उबर चुके हैं और दूसरे मैच में खेलने के लिए तैयार हैं। मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2022 में अपना दूसरा मुकाबला दो अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना है। 

सूर्यकुमार को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दौरान चोट लग गई थी। इसके बाद वह बैंगलोर में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे। इससे मुंबई इंडियंस को तगड़ा झटका लगा था और ऐसा माना जा रहा था कि वह लीग के 15वें सीजन के शुरुआती कुछ मैचों में टीम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। लेकिन अब वह वापस आ गए हैं और जल्द ही टीम से जुड़ने वाले हैं। 

मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें टीम ने बॉलीवुड फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की थीम पर सूर्यकुमार का स्वागत किया है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी, इसलिए सूर्यकुमार को भी अब अपने प्रदर्शन में हिट होना होगा और मुंबई इंडियंस रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने अपना योगदान देना होगा।