Sunday, September 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खेत को जंगली सुअर- बंदरों से बचाने के लिए किसान ने नौकरी पर रखा ‘भालू’, सैलरी 15,000 रुपये

खेती करने वाले किसानों को खाद-पानी के अलावा ये भी चिंता करनी पड़ती है कि कहीं उसकी फसल कोई बर्बाद ना कर दे। कई बार खेतों में सूअर या बंदर घुस जाते हैं और खेत तहस नहस कर देते हैं। अब किसान हर वक्त तो खेत की रखवाली कर नहीं सकते, इसलिए मौका लगते ही जंगली जानवर खेत में घुसकर तबाही मचा देते हैं। तेलंगाना के एक किसान ने जंगली जानवरों से अपनी फसल बचाने का नायाब तरीका निकाला है। किसान ने अपनी फसल बचाने के लिए भालू को किराए पर रख लिया है।

सचमुच का भालू नहीं, किसान ने एक ऐसे शख्स को किराए पर रखा है जो हर रोज भालू का कॉस्ट्यूम पहनकर खेत की रखवाली करता है। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक तेलंगाना के सिद्धीपेट में रहने वाले किसान भास्कर रेड्डी ने अपने खेत को बंदरों और जंगली सुअरों से बचाने के लिए एक शख्स ने नौकरी पर रखा है। भास्कर रेड्डी के मुताबिक उनके खेत में भालू बनकर घूमने के लिए उन्होंने एक शख्स को पांच सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से काम पर रखा है। 

सोशल मीडिया पर इस काम को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ लोग इस काम को मजेदार बता रहे हैं तो कुछ लोग इस आईडिया की तारीफ कर रहे हैं। कुछ लोग फनी कमेंट भी कर रहे हैं, जैसे एक शख्स ने लिखा कि अगर खेत में किसी दिन सचमुच का भालू आ गया तो क्या होगा? वहीं एक और यूजर ने लिखा कि खेत में हाथी या बाघ आ गया तो क्या होगा? कुछ लोगों ने इस काम को अमानवीय भी करार दिया है। एक यूजर ने लिखा कि पांच सौ रुपये में पूरे दिन धूप में भालू का कॉस्ट्यूम पहनकर खड़े होना बहुत मुश्किल काम है। लोगों ने किसान को इसकी जगह कुत्ते पालने की सलाह दी है।