गोवा में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में नियुक्त होने के 24 घंटे के भीतर पार्टी के दिग्गज नेता और कलंगुट से विधायक माइकल लोबो ने दावा किया है कि कांग्रेस जल्द ही गोवा में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी 10 से 15 महीने में कांग्रेस अगर गोवा में सरकार बना ले तो ये आश्चर्य की बात नहीं होगी।
गोवा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक माइकल लोबो ने कहा कि गोवा की राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है और जमीनी स्थिति के आधार पर अचानक बदलाव संभव हो सकता है। उन्होंने कहा, “हम आने वाले महीनों में सरकार बनाएंगे और हम इसे हासिल करने की पूरी कोशिश करेंगे। एक-डेढ़ साल के भीतर, हम सरकार बनाने में सक्षम हो जाएंगे।”
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, उनसे पूछा गया कि जब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पास 25 विधायकों के समर्थन के साथ सरकार में कोई संकट नहीं है, तो वह संख्या कैसे तय करेंगे, माइकल लोबो ने जवाब में कहा कि अगला साल महत्वपूर्ण होगा और उनकी पार्टी जल्द ही गति पकड़ेगी और सरकार बनाने में कामयाब होगी।