मुंबई (वार्ता). टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने शुक्रवार को बताया कि कंपनी ने मार्च 2022 में 14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कुल 17,131 वाहन बेचे हैं। जबकि मार्च 2021 में कंपनी ने 15,001 वाहनों की बिक्री की थी।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2021-22 में 58 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ कुल 1,23,770 वाहन बेचे हैं। वित्त वर्ष 2020-21 में यह संख्या 78,262 थी।
टीकेएम के बिक्री और रणनीति विपणन के संयुक्त उपाध्यक्ष अतुल सूद ने कहा, हम बाजार में जबरदस्त मांग देख रहे हैं। इस बात से अपने सभी वर्गों में टोयोटा के मॉडलों की लोकप्रियता फिर से सिद्ध होती है।”
उन्होंने कहा, ”इतना ही नहीं, यह इस बात को भी दोहराता है कि टोयोटा के सभी मॉडल अपने-अपने वर्ग में बेहद लोकप्रियता का आनंद लेते हैं और इस तथ्य को भी दोहराते हैं कि हम अपने ग्राहकों की अपेक्षाओं के आधार पर उत्पादों की पेशकश करने में सक्षम हैं। यह स्पष्ट रूप से इनोवा क्रिस्टा जैसे वर्ग के अग्रणी मॉडलों के साथ केवल एक महीने में लगभग 8000 वाहनों की बिक्री से सिद्ध है।”
उन्होंने कहा, ”फॉर्च्यूनर और लीजेंडर भी, दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया है और विशेष रूप से लीजेंडर ने इतने कम समय में अपने लिए एक जगह बनाई है। दोनों मॉडलों को मिलाकर देखें तो हमने करीब 3,000 वाहनों की बिक्री की है।”
श्री सूद ने कहा,”हम प्रसन्न है कि वित्त वर्ष 2021-22 को बीते वित्त वर्ष की तुलना में 58 प्रतिशत की वृद्धि के साथ खत्म कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में हम कई नए ग्राहकों तक पहुंचने में सक्षम होंगे।”