Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अब चिकित्सालय व आंगनबाड़ी केंद्र भी होंगे तंबाकू मुक्त

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अप्रेल माह में विशेष कदम उठाए जाएंगे। सभी स्कूलों को तंबाकू मुक्त संस्थान घोषित करने के साथ ही उनके आस-पास के 100 गज के दायरे को तंबाकू मुक्त किया जाएगा। सरकारी कार्यालयों में तंबाकू उत्पाद का सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकारी कर्मचारी या अधिकारी के पास तंबाकू उत्पाद मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। ये जानकारी सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा ने पत्रकार वार्ता में दी। जिला तंबाकू प्रभारी अजय सिंह शेखावत एवं सीओआईईसी विनोद बिश्रोई मौजूद रहे।
डॉ. मेहरड़ा ने बताया कि राज्य सरकार तंबाकू मुक्त राजस्थान बनाने के लिए प्रयासरत है और इसी उद्ेश्य को लेकर एनएचएम एमडी डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देशों पर जिले में 100 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर धुम्रपान करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। खण्ड स्तर पर बीसीएमओ एवं अन्य अधिकारी लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। अन्य विभागों और पुलिस की ओर से चालान किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद की बैठकों में तम्बाकू नियंत्रण के विषय में प्रस्ताव पारित कर ग्रामीण स्तर तक लोगों से तंबाकू छोडने के लिए अप्रेल माह में संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे।