हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की ड्रीमलैंड कॉलोनी में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का आगाज कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा ड्रीमलैंड कॉलोनी स्थित मंदिर से कथा स्थल व्यास पीठ तक निकाली गई। श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का आयोजन 10 अप्रैल तक किया जाएगा। मुकुन्द मोहन शास्त्री श्रीधाम वृंदावन रोजाना शाम 4 बजे से 7 बजे तक कथा का वाचन करेंगे। 11 अप्रैल को सुबह 11.15 बजे हवन व पूर्णाहुति का कार्यक्रम होगा। कथा के दौरान आकर्षक व मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। कथा का आयोजन ड्रीमलैंड कॉलोनी, रॉयल ड्रीमलैंड कॉलोनी व सुपर ड्रीमलैंड कॉलोनी के वाशिंदों की ओर से करवाया जा रहा है। आयोजक देवेन्द्र कुमार ने कहा कि जीवन की शुरूआत धर्म से होती है। धर्म का प्रचार करने व सकारात्मक संदेश देने के लिए कथा का प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा के जरिए श्रद्धालुओं को कथा में आने का न्यौता दिया गया है। उन्होंने शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में कथा का श्रवण करने का आह्वान किया।