Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बाल श्रम व भिक्षावृत्ति करते चार बालक दस्तयाब

  • भद्रकाली मंदिर में की गई कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    बाल कल्याण समिति, श्रम विभाग, मानव तस्करी विरोधी यूनिट और पुलिस ने सोमवार को भद्रकाली मंदिर में सामूहिक कार्रवाई करते हुए बाल श्रम व भिक्षावृत्ति करते चार बालकों को दस्तयाब किया। टीम ने पड़ताल की तो पता चला कि मंदिर में सफाई सहित अन्य कार्यांे का ठेका लेने वाले लोगों की ओर से इन बालकों से भिक्षावृत्ति व बालश्रम करवाया जा रहा था। उन लोगों को कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। साथ ही इन चारों बालकों के परिजनों को बुलाकर टीम की ओर से भविष्य में बाल श्रम व भिक्षावृत्ति नहीं करवाने के लिए पाबंद किया गया। बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए स्कूल भेजने के लिए समझाइश की गई। इस कार्रवाई में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, सदस्य अनुराधा सहारण व सुमन सैनी, जिला श्रम कल्याण अधिकारी अमरचंद लहरी व मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी इन्द्रचन्द मीणा शामिल थे। इस मौके पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने बताया कि जागरूक नागरिकों की ओर से सूचना दी गई थी कि भद्रकाली मंदिर में बालकों से भिक्षावृत्ति व बाल श्रम करवाया जा रहा है। इस सूचना पर सोमवार को बाल कल्याण समिति, श्रम विभाग, मानव तस्करी विरोधी यूनिट और पुलिस के साथ भद्रकाली मंदिर में पहुंची तो पाया गया कि वहां आने वाले श्रद्धालुओं से चार बालकों की ओर से पैसे मांगकर भिक्षावृत्ति करवाई जा रही है। भद्रकाली मंदिर परिसर में सफाई ठेकेदारों सहित अन्यों की ओर से इन बालकों से बाल श्रम करवाया जा रहा था। शाम को बालकों की ओर से एकत्रित किए जाने वाले पैसों में से इन लोगों की ओर से अपना हिस्सा लिया जाता था। समिति अध्यक्ष गोयल ने कहा कि बाल श्रम व भिक्षावृत्ति करवाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में इन बालकों को शिक्षा से जोड़ने के लिए इनके माता-पिता को बुलाकर पाबंद किया गया है। उन्होंने जिले भर के सभी मंदिरों के पुजारियों से भी अपील की कि बच्चों से बाल श्रम या भिक्षावृत्ति न करवाएं। अगर वे ऐसा करवाते हैं तो उन्हें भारी पड़ सकता है।