मुंबई
रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। ऐसे में एक बार फिर हनी सिंह सुर्खियों में हैं, जहां ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि दिल्ली के एक क्लब में हनी सिंह के साथ कुछ लोगों ने बदसलूकी की, जिसके बाद सिंगर ने एफआईआर दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि ये पूरा मामला 27 मार्च का है और दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक हनी सिंह के साथ 27 मार्च को साउथ दिल्ली के एक क्लब में चार से पांच अज्ञात लोगों ने बदसलूकी की और कथित तौर पर मारपीट भी हुई। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने हनी सिंह और उनके वकील ईशान मुखर्जी की ‘उपद्रव, दुर्व्यवहार और धमकी’ की शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की है। रिपोर्ट के मुताबिक घटना 27 मार्च को दिल्ली साउथ एक्सटेंशन-2 के स्कोल क्लब में हुई थी।
भगा दिया हनी सिंह को
जानकारी के मुताबिक हनी सिंह, 26-27 मार्च की दरम्यानी रात को स्कोल क्लब में परफॉर्मेंस दे रहे थे, तभी 4-5 लोग स्टेज पर चढ़ गए और सिंगर के साथ ही बाकी कलाकारों संग बदसलूकी शुरू कर दी। आरोपियों ने स्टेज से ही बियर की बोतलें दिखाईं और शो को भी रोक दिया। रिपोर्ट के मुताबिक एफआईआर में बताया गया, ‘चेक शर्ट में एक व्यक्ति ने मेरा (हनी सिंह) हाथ पकड़ा और मुझे आगे की ओर खींचने लगा। मैं इससे बचने की कोशिश कर रहा था लेकिन वह आदमी मुझे धमकाता रहा और चुनौती देता रहा। मैंने यह भी देखा कि इसके पास हथियार था। वहीं लाल शर्ट में एक अन्य आरोपी व्यक्ति वीडियो बना रहा था और कह रहा था- भगा दिया हनी सिंह को।’