Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

निष्कासित छात्रों को किया बहाल, धरना-अनशन समाप्त

  • जिला कलक्टर की ओर से गठित जांच कमेटी के साथ हुई वार्ता में बनी सहमति
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय से छह छात्रों को निष्कासित करने के विरोध में चल रहा बेमियादी धरना व आमरण अनशन गुरुवार को 25वें दिन वार्ता में सहमति बनने पर समाप्त हो गया। कॉलेज प्रबंधन की ओर से सभी छह छात्रों का निष्कासन रद्द करने के बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इस मौके पर भाजपा नेता अमित सहू व एनएसयूआई के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने पिछले तीन-चार दिन से आमरण अनशन पर बैठे दो छात्रों व एक छात्रा को ज्यूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस दौरान पार्षद प्रदीप ऐरी भी मौजूद रहे। हालांकि धरना उठाने के दौरान छात्रों ने यह ऐलान भी किया कि कॉलेज में हुए भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। गौरतलब है कि अनुशासनहीनता के चलते कॉलेज प्रबंधन की ओर से छह छात्रों कोे कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया था। निष्कासन रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों की ओर से कॉलेज के समक्ष 25 दिनों से धरना दिया जा रहा था। एक छात्रा व दो छात्र तीन-चार दिन से अनशन पर थे। छात्रों ने निष्कासन रद्द करने की मांग को लेकर जिला कलक्टर को भी ज्ञापन सौंपा था। जिला कलक्टर ने इस प्रकरण को सुलझाने के लिए जांच कमेटी गठित की। जांच कमेटी में डीआईजी स्टाम्प, एसडीएम आदि को शामिल किया गया। जांच कमेटी के सदस्यों की बुधवार को लॉ कॉलेज में प्राचार्य की मौजूदगी में निष्कासित छात्रों के अभिभावकों से बात की। अभिभावकों ने जांच कमेटी को आश्वस्त किया कि भविष्य में उनके बच्चे इस तरह की गलती नहीं दोहराएंगे। प्राचार्य के अनुसार जांच समिति के सकारात्मक रूख व बच्चों के भविष्य को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन की ओर से निष्कासित छात्रों को पुन: बहाल करने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर संदीप सिहाग, रामजस बुरड़क, मुरलीधर, आशीष पारीक, सिद्धार्थ भार्गव, रजत सिहाग, सुभाष लोहरा, प्रभजोत कौर, सुनील चाहर, जयवीर गोदारा, सुनील टाक, कुलदीप नरुका, शहबाज काजी, दीपक खाती, उदयसिंह, गगन भार्गव, संदीप डाल, राजेश बिस्सू, संजय नैण, रोहित जावा, रिद्धि, मीनाक्षी, मनीष बिशनोई, निखिल बिशनोई, अमन सूडा, शुभम पारीक आदि मौजूद थे।