एसटीजी नहर पुल को ऊंचा उठाने व चौड़ाई बढ़ाने की मांग
by seemasandesh
पुल के आसपास रहने वाले नागरिकों ने मौके पर एकत्रित होकर दर्ज कराया विरोध हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्रीगंगानगर रोड से गुजरने वाली एसटीजी नहर पर महाराजा अग्रसेन चौक के नजदीक बने पुल को ऊंचा उठाने व चौड़ाई बढ़ाने की मांग आसपास के क्षेत्र के लोगों ने की है। शनिवार को जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष प्रतिनिधि बलराम गोदारा के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने मौके पर एकत्रित होकर विरोध दर्ज करवाया। इस मौके पर जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष प्रतिनिधि बलराम गोदारा ने बताया कि श्रीगंगानगर रोड पर महाराजा अग्रसेन चौक के पास एसटीजी नहर पर बनी पुलिया के पास लोग पूजा सामग्री का विसर्जन करते हैं। लोगों को रोका जाता है लेकिन वे लड़ाई-झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। पूजन सामग्री बहाने के कारण पानी भी खराब हो रहा है। पुलिया के दोनों तरफ नहर में काफी कचरा एकत्रित है। पुल की ऊंचाई कम होने व पूजन सामग्री एकत्रित होने से पानी में अवरोध पैदा होता है। इस समस्या के समाधान के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने बीके अध्यक्षों को देखरेख करने की बात कही। उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी समस्या यह आ रही है कि एसटीजी नहर पर बनी पुलिया करीब तीन-साढ़े तीन फीट नीची है। इस पुल के अन्दर आर्मी की वायर लगी हुई है। इस कारण पुल को ऊंचा नहीं उठाया जा सकता। जब तक पुल ऊंचा नहीं होता तब तक इस समस्या का हल नहीं हो सकता। गोदारा ने बताया कि इस नहर में पानी बहुत कम मिल रहा है। इस नहर में 137 क्यूसेक पानी का हिस्सा है। जबकि किसानों को हिस्सा मिल रहा है 120 क्यूसेक पानी का। करीब 17 क्यूसेक पानी कम मिल रहा है। जिस दिन यह पुल ऊंचा उठ गया उस दिन से किसानों को उनके हक का पूरा पानी मिलने लग जाएगा। उन्होंने बताया कि वे इस समस्या को लेकर 16 अगस्त 2021 को जिला कलक्टर से भी मिले थे। उन्हें प्रार्थना-पत्र सौंपा था। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पुल के नीचे होने व इसमें फैली गंदगी के कारण आगे के गांवों के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। दूषित पानी पीने से बीमारियां फैल रही हैं। वहीं योगेश पेशवानी ने कहा कि पुल की चौड़ाई कम होने के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं। पुल क्षतिग्रस्त भी हो चुका है। इसलिए इस पुल को ऊंचा उठाने के साथ इसकी चौड़ाई भी बढ़ाई जाए।