Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बलवंत सिंह ने वुशु चैम्पियनशिप में जीते दो गोल्ड मैडल

  • पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में हुई आॅल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुशु चैम्पियनशिप में दमदार प्रदर्शन
  • बेबी हैप्पी मॉर्डन कॉलेज पहुंचने पर छात्र बलवंत सिंह का प्रबंध समिति ने किया अभिनंदन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन स्थित बेबी हैैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ ही खेलकूद के क्षेत्र में भी अग्रणी हैं। कॉलेज के बीए सेकेंड इयर के छात्र बलवंत सिंह ने आॅल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुशु चैम्पियनशीप में दो गोल्ड मैडल हासिल कर सफलता का परचम लहराया है। इस टूर्नामेंट का आयोजन पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में हुआ। बलवंत सिंह का हनुमानगढ़ पहुंचने पर शनिवार को बेबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज में अभिनंदन किया गया। कॉलेज प्रबंधन ने बलवंत की सफलता को अविस्मरणीय बताया। कॉलेज प्रबंध समिति डायरेक्टर तरुण विजय, चेयरमैन आशीष विजय, प्रशासक परमानंद सैनी, प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक व उप प्राचार्य डॉ. मनोज शर्मा ने बलवंत सिंह का अभिनंदन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंध समिति डायरेक्टर तरुण विजय ने कहा कि वक्त बदल रहा हैै। अब पढ़ाई के साथ ही खेलकूद में अग्रणी रहना जरूरी है। इससे न सिर्फ हम बुराइयों से दूर रह पाते हैं बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ रहते हैं। बलवंत सिंह पढ़ाई में तो अव्वल है ही, साथ में वुशु के प्रति इनकी दीवानगी सबको पता है। यही वजह है कि बलवंत ने वुशु के दो कैटेगरी में डबल गोल्ड मैडल हासिल किए। कॉलेज प्रबंध समिति चेयरमैन आशीष विजय ने कहा कि बलवंत सिंह बेहद आज्ञाकारी छात्र है। अनुशासन के सभी मापदंडों को पूर्ण करता है। अपने काम से मतलब रखने वाला है। पढ़ाई में भी अव्वल है और खेल जगत में भी उम्दा प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि बलवंत सिंह वुशु के लिए विख्यात है। एक साथ दो गोल्ड मैैडल जीतना कोई छोटी बात नहीं है। यह बलवंत सिंह के निरंतर अभ्यास का परिणाम है। प्रशासक परमानंद सैनी ने कहा कि अब खेलकूद के माध्यम से कॅरिअर बनाया जाने लगा है। साथ में पढ़ने का अपना महत्व है। अगर डिग्री हो और खेलकूद के क्षेत्र में सफलताओं को लेकर उपलब्धि तो सरकारी नौकरी हासिल करना आसान है। प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक ने कहा कि खेलकूद से जुड़ने का बड़ा फायदा है कि इससे हमारा जीवन संयमित और अनुशासित हो जाता है। सफलता हासिल करने के लिए जीवन में इन दो उपलब्धियों का होना मायने रखता है। उप प्राचार्य डॉ. मनोज शर्मा ने कहा कि बलवंत सिंह की सफलता से समूचा कॉलेज प्रबंधन अहलादित है। इससे दूसरे विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे और खेलकूद से जुड़कर न सिर्फ अपना, परिवार बल्कि कॉलेज का भी नाम रोशन करेंगे। इस सफलता के लिए उन्होंने बलवंत सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर बीएड कॉलेज प्राचार्य डॉ. संतोष चौधरी, व्याख्याता डॉ. शायर सिंह शेखावत आदि मौजूद थे।