Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बदबूदार एवं प्रदूषित पानी की सप्लाई पर लगे रोक

  • जिला कलक्टर से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल, सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिले में जलदाय विभाग की डिग्गियों से घरों में सप्लाई हो रहे बदबूदार एवं प्रदूषित पेयजल की समस्या का समाधान तुरन्त प्रभाव से करवाकर पेयजल सप्लाई व्यवस्था सुचारू करवाने को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, सांसद निहालचन्द, भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई पीलीबंगा विधायक धर्मंेद्र मोची व संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी के नेतृत्व में सोमवार को जिला कलक्टर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर को मांगपत्र भी सौंपा। पार्टी नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पूरे हनुमानगढ़ जिले में पानी की सप्लाई देने का कार्य जलदाय विभाग का है लेकिन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण जलदाय विभाग की डिग्गियों में से गन्दे-बदबूदार व प्रदूषित पेयजल की सप्लाई की जा रही है। इससे हनुमानगढ़ जिलावासियों को मजबूरन गन्दा-दूषित व बदबूदार पानी पीना पड़ रहा है। दूषित पानी पीने से अनेकों प्रकार की गम्भीर बीमारियां व पेट सम्बन्धी रोग फैल रहे हैं व मानव जीवन खतरे में है। यदि हनुमानगढ़ जिले के नागरिक कुछ समय तक और यही पानी पीते रहे तो परिस्थितियां विस्फोटक हो जाएंगी व महामारी फैलने की आशंका उत्पन्न होगी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इसके अलावा इस भीषण गर्मी में हनुमानगढ़ जिले में सुचारू रूप से शुद्ध पेयजल की सप्लाई नहीं की जा रही है। इसके कारण जिले में कई जगहों पर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने जलदाय विभाग की डिग्गियों से घरों में सप्लाई हो रहे बदबूदार एवं प्रदूषित पेयजल की समस्या का समाधान तुरन्त प्रभाव से करवाकर पेयजल सप्लाई व्यवस्था सुचारू करवाने की बात कही। ज्ञापन में कहा गया कि समस्या का समाधान न होने पर भाजपा की ओर से जनहित में व्यापक आन्दोलन किया जाएगा। इस मौके पर पार्षद राजेन्द्र चौधरी, नगर मण्डल अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव, गुलाब सिंवर, भीम सिंवर आदि मौजूद थे।