जयपुर
श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना इलाके में एक छुटभैया कांग्रेस नेता ने गाड़ी टच करने वाले चालक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। चालक की गलती यह थी कि कांग्रेसी नेता अशोक राॅयल की कार से उसकी कार जरा सी टच कर गई। इससे कांग्रेस नेता का पारा आसमान पर चढ़ गया और डंडे से चालक की पिटाई कर दी। घटना 11 अप्रैल 2022 (सोमवार) की बताई जा रही है। मामला रायसिंहनगर के 11TK रेलवे फाटक के करीब का है।
कार हल्की सी टकराने पर खो दिया आपा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फाटक बंद होने की वजह से वाहनों की कतार लग गई। इसी दौरान फाटक पर खड़ी कांग्रेस नेता की कार में पीछे से आई कार हल्की सी टकरा गई। इसके बाद कार सवार कांग्रेस नेता का पारा आसमान पर चढ़ गया। उन्होंने आव देखा न ताव झट से डंडा उठा अपना गुस्सा कमजोर ड्राइवर पर उतार दिया। उसको ताबड़तोड़ मारने लगे। इस बीच चालक नेता जी से माफी मांगता रहा। गिड़गिड़ाता रहा लेकिन नेता जी ने एक न सुनी।