बांसवाड़ा।
राजस्थान के बांसवाड़ा में एक शराबी की अजीब सनक का मामला सामने आया है। इसमें दो लोगों की जान भी जा सकती थी। शराबी युवक झूमता हुआ पिकअप गाड़ी के पास आया और ड्राइवर से सोडा पिलाने को कहा। ड्राइवर ने इनकार किया तो शराबी ने अपने हाथ में मौजूद पेट्रोल से भरी बोतल से पिकअप पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। ड्राइवर संभलता, उससे पहले गाड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। ड्राइवर कांच तोड़कर बाहर निकला और अपनी भतीजी को भी सुरक्षित बाहर निकाला। घटना बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र की है।
थाना प्रभारी सीआई दिलीप सिंह चारण ने बताया कि डोकर गांव में कपूरचंद्र पटेल के यहां चल रहे शादी समारोह में डूंगरपुर से बारात आई हुई थी। बारात के साथ पियोला थाना कुआं (डूंगरपुर) निवासी लक्ष्मण पिकअप लेकर अपने रिश्तेदारों के साथ आया था। वह अपनी भतीजी के साथ पिकअप में ही बैठा था। इसी दौरान डोकर गांव का रहने वाला सुभाष नाम का शख्स जो कि पूरी तरह से नशे में धुत था, ने ड्राइवर से सोडा पिलाने की डिमांड रखी। ड्राइवर के इनकार करने पर उसे गुस्सा आया और उसने पेट्रोल डाल कर गाड़ी में आग लगा दी। कांच तोड़कर ड्राइवर और उसकी भतीजी को बाहर सुरक्षित बाहर निकाला गया।