Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस में तनाव, हार्दिक बोले- मुझे परेशान किया जा रहा, राहुल गांधी पर भी आरोप

अहमदाबाद

गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और उससे पहले कांग्रेस मजबूत होने की बजाय बिखरने की राह पर बढ़ती दिख रही है। पार्टी की स्टेट यूनिट के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस के ही नेता चाहते हैं कि मैं पार्टी छोड़ दूं। हार्दिक पटेल ने आरोप लगाया कि पार्टी का प्रदेश नेतृत्व उन्हें परेशान कर रहा है और राज्य के कांग्रेस नेता चाहते हैं कि ‘मैं पार्टी छोड़ दूं।’ उन्होंने कहा कि उनकी ओर से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को अपनी इस स्थिति के बारे में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन दुख की बात है कि कोई निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन दशक से गुजरात में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी तो इसके लिए गुटबाजी और स्थानीय कांग्रेस नेताओं का दूसरे दलों के साथ ‘गुप्त गठबंधन’ जिम्मेदार है। 

पटेल ने यह दावा भी किया, ‘2017 में इतना बड़ा माहौल था, लेकिन गलत टिकट बंटने की वजह से सरकार नहीं बन सकी।’ हार्दिक पटेल ने गुजरात विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ खुलकर बगावत की है। राज्य में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होना है। कांग्रेस 27 वर्षों से गुजरात की सत्ता से बाहर है। पाटीदार आरक्षण आंदोलन का चेहरा रहे पटेल ने कहा, ‘हमने एक बड़ा आंदोलन खड़ा करके कांग्रेस को फायदा दिलाया था। हमें यह लगा था कि जब हमारी ताकत और कांग्रेस की ताकत मिलेगी तो हम प्रदेश को एक नयी स्थिति में लाकर खड़ा करेंगे। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने ही हमारी ताकत को कमजोर किया।’