खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल, सीएम को भी दूरभाष पर करवाया समस्याओं से अवगत हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गेहूं की समर्थन मूल्य पर आॅनलाइन खरीद की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर जिले के व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास से मुलाकात की। व्यापारियों ने गेहूं खरीद के दौरान आ रही समस्याओं से अवगत करवाते हुए समर्थन मूल्य पर एफसीआई की ओर से गेहूं की सरकारी खरीद के लिए आॅनलाइन पंजीकरण, जन आधार कार्ड एवं गिरदावरी की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग का ज्ञापन मंत्री को सौंपा। मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास से मांग की कि गेहूं की फसल विक्रय करने के लिए एफसीआई की ओर से आॅनलाइन पंजीकरण की अनिवार्यता को समाप्त कर पूर्व में चली आ रही आॅफलाइन गेहूं खरीद किसान के पहचान पत्र, बैंक खाता की कॉपी तथा जमाबन्दी के जरिए ही की जाए ताकि सरकार की ओर से लागू समर्थन मूल्य का लाभ किसान को मिल सके। व्यापारियों ने बताया कि अभी तक हनुमानगढ़ टाउन, जंक्शन तथा टिब्बी धानमंडी में समर्थन मूल्य पर एफसीआई की ओर से गेहूं खरीद शून्य है। मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने व्यापारियों के प्रतिनिधि मण्डल को आगामी दो से तीन दिन में इन समस्याओं का निराकरण करवाने के लिए आश्वस्त किया। इसके बाद व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निजी सचिव से भी मिला। उन्हें जन आधार कार्ड की अनिवार्यता, गिरदावरी पर्ची नहीं मिलना, आॅनलाइन पंजीकरण की अनिवार्यता को लेकर गेहूं खरीद में आ रही समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री को भी अपनी समस्या से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने भी इन समस्याओं को हल किए जाने के सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही करने को आश्वस्त किया। प्रतिनिधि मण्डल में टाउन की फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सन्तराम जिन्दल, कोषाध्यक्ष सन्नी जुनेजा, टाउन की व्यापार संघ संस्था के अध्यक्ष राजकुमार सोडा एवं सुरजीत सिंह चट्ठा, रवि सेखों, भूपेन्द्रसिंह सेखों, जंक्शन के व्यापार मण्डल के अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल, हनुमानगढ़ जिला खाद्य व्यापार संघ के कोषाध्यक्ष तरुण कौशल, पूर्व अध्यक्ष अनिल बंसल व टिब्बी व्यापार मंडल के पदाधिकारी शामिल थे।