Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

क्षेत्र के लोगों को लुभा रहा किसान पार्क

  • शहर के प्रवेश स्थल की सुंदरता में चार चांद लगा रहा किसान पार्क
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    नगर परिषद की ओर से जंक्शन शहर के प्रवेश स्थल सूरतगढ़ रेलवे फाटक के पास बनवाया गया किसान पार्क क्षेत्र के लोगों को लुभा रहा है। पूर्व में कूड़े-कचरे के ढेर वाली जगह पर बनाए गए किसान पार्क का दो दिन पहले ही लोकार्पण हुआ है कि यह अभी से लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। आसपास के वार्डांे के ही नहीं नजदीकी गांवों से भी लोग घूमने के लिए किसान पार्क में आ रहे हैं। देर शाम को पार्क में टहलने वालों की भीड़ लग रही है। किसान पार्क में लगा बैलों की जोड़ी के साथ किसान तथा तीन जवानों का स्टेच्यु भी लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच रहा है। पार्क में बनाए गए जय जवान जय किसान लिखे सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेने वालों की होड़ लगी रहती है। आसपास के मोहल्लों के लोग अपने बच्चों के साथ शाम के समय किसान पार्क में पहुंच रहे हैं। आसपास के वार्डांे के लोगों ने नगर परिषद का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पूर्व में यहां गंदगी का साम्राज्य था। लोग इस जगह के पास ठहरते तक नहीं थे। लेकिन इस जगह को विकसित कर किसान पार्क का निर्माण करना अपने आप में अनूठा कार्य है। उन्होंने बताया कि पहले आसपास के क्षेत्र में कोई पार्क नहीं था। लेकिन अब वे अपने बच्चों के साथ इस पार्क में घूमने आ सकते हैं। उनके बच्चे भी किसान पार्क में आकर उत्साहित हैं। गौरतलब है कि किसान पार्क का निर्माण केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किए गए किसान आन्दोलन में जान गंवाने वाले किसानों की स्मृति के रूप में नगर परिषद की ओर से करीब 15 लाख रुपए की लागत से करवाया गया है। बैसाखी के दिन विधायक चौधरी विनोद कुमार व नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल ने किसान पार्क जनता को समर्पित किया था। पार्क में कुर्सियां, घास, पौधे लगाए गए हैं।