Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ट्रांसफार्मर व अन्य विद्युत उपकरण स्थापित करने से रोकने की मांग

  • वार्ड 47 के वाशिंदों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक को सेंटर के पीछे वार्ड की गली में हाई वोल्टेज का ट्रांसफार्मर व अन्य विद्युत उपकरण स्थापित करने से रोकने की मांग को लेकर टाउन के वार्ड 47 के वाशिंदों ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड 47 में जोडियक एमआरआई सिटी स्कैन अल्ट्रासाउंड स्थापित है। इसके संचालक की ओर से अपने संस्थान के पीछे की तरफ वार्ड 47 में जहां गली है तथा चौक बना हुआ है, वहां पर 11 हजार वोल्टेज का ट्रांसफार्मर व अन्य उच्च तरंग के उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। इस गली से वार्ड के निवासियों का आवागमन रहता है। ट्रांसफार्मर व अन्य विद्युत उपकरण स्थापित किए जाने से वार्डवासियों की जान को खतरा उत्पन्न हो जाएगा। कभी भी कोई व्यक्ति इस ट्रांसफार्मर व तारों से निकलने वाली उच्च तरंग की चपेट में आ सकता है। जबकि अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक के पास संस्थान में ही पार्क है। सेंटर की ऊपरी मंजिल पर भी ट्रांसफार्मर लगाने के लिए स्थान उपलब्ध है। इसके अलावा इस संस्थान के बाहर पार्किंग स्थल भी है। उन्होंने बताया कि वार्डवासियों ने सेंटर संचालक को अपने ही संस्थान में बने पार्क, छत अथवा पार्किंग की जगह में ट्रांसफार्मर स्थापित करने को कहा गया था लेकिन अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक ने ऐसा करने से मना कर दिया। वह ट्रांसफार्मर व अन्य विद्युत उपकरण इस संस्थान के पीछे स्थापित करने पर आमादा है। यदि ऐसा होता है तो वार्डवासियों की जान-माल को भारी जोखिम उत्पन्न हो जाएगा। किसी भी समय दुर्घटना कारित होने का अन्देशा बना रहेगा। ज्ञापन में मांग की गई कि इन परिस्थितियों में इस संस्थान के संचालक को संस्थान के पीछे वार्ड 47 में जहां चौक व गली है, में ट्रांसफार्मर व अन्य विद्युत उपकरण स्थापित करने से रोका जाना अति आवश्यक है। इस मौके पर भरत कुमार, लालचन्द, दीपक कुमार, विक्रम, रिंकू, संजय, विनोद, भगवान दास, बबलू, रामसिंह, हनुमान, धीरज कुमार, टिंकू, कन्हैया, अनिरुद्ध शर्मा, रमेश, बृजप्रकाश, मांगेराम, सुनील, प्रवीण, मुकेश सहित कई वार्डवासी मौजूद थे।