जांच की मांग, जिला परिषद सीईओ के नाम सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत में चल रहे नाली निर्माण कार्य में धांधली का आरोप लगाते हुए टिब्बी तहसील के गांव मेहरवाला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिला परिषद सीईओ के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि टिब्बी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मेहरवाला के वार्ड 5 में गली में नालियों का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में पुरानी र्इंटें उपयोग में ली जा रही हैं। पूर्व में 10-12 साल पहले बनी खड़वंजा सड़क में से र्इंटें निकालकर खुर्द-बुर्द कर पुन: नाली निर्माण के उपयोग में ली जा रही हैं। मानक विहिन मसाला अधिक बालू का उपयोग किया जा रहा है। अभी नाली का उपयोग भी शुरू नहीं हुआ है कि उससे पहले ही नाली टूटनी शुरू हो गई है। इस निर्माण कार्य में जो टेंडर निकाला था उसके तहत कार्य नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत समिति प्रधान व सरपंच पुत्र की ओर से अपनी मनमानी से कार्य कर सरकारी पैसों का गबन किया जा रहा है। भविष्य में यह नाली ज्यादा समय तक उपयोग में नहीं आ सकती। ग्रामीणों ने नाली निर्माण कार्य की तत्काल प्रभाव से मौका जांच करवाकर इस मामले में सभी दोषियों पर कार्रवाई करने तथ्था इस नाली को तोड़ कर नई नाली का निर्माण करवाने की मांग की। इस मौके पर रमेश कुमार, सुनील कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।