Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बाला साहेब ठाकरे के बेटे को हनुमान चालीसा से लगता है डर… बीजेपी का उद्धव पर हमला

नई दिल्ली

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास के बाहर हनुमान चालीसा का जाप करने की महाराष्ट्र के विधायक रवि राणा और उनकी पत्नी निर्दलीय सांसद नवनीत कौर राणा की प्लानिंग के साथ शनिवार को एक ताजा विवाद देखने को मिला। भाजपा नेता अमित मालवीय ने ठाकरे पर एक चुटकी ली है और कहा कि बालासाहेब ठाकरे के बेटे को अब हनुमान चालीसा से ही डर लगता है। इस बयान के साथ ही शिवसेना बनाम भाजपा के बीच फिर से खींचतान शुरू हो गई है।

उधर, रवि राणा और नवनीत कौर राणा की प्लानिंग को विफल करने के लिए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शनिवार को खार में उनके निवास के बाहर धरना दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और दंपति को अपने घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया है।

बालासाहेब ठाकरे के बेटे को हनुमान चालीसा से डर
भाजपा नेता अमित मालवीय ने उद्धव ठाकरे के घर मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा पाठ को लेकर चुटकी ली। शनिवार को उन्होंने ट्वीट किया कि बाला साहेब ठाकरे के बेटे को हनुमान चालीसा से डर लगता है।