चित्तौड़गढ़।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक दरिंदे ने ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ रेप की कोशिश की और नाकाम होने पर उसकी हत्या कर लाश कुएं में फेंक दी। इस घटना ने बस्सी ही नहीं पूरे राजस्थान को शर्मसार कर दिया है और लोगों में दहशत का माहौल है। हत्या के आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वो बच्ची को सुनसान जगह पर ले गया था और उसने रेप की कोशिश में नाकाम होने पर उसका गला घोंट कर मार दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहना खानम को इस मामले की जांच सौंपी गई है।
दरअसल यह घटना एक शादी समारोह के दौरान हुई। बस्सी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुरा गांव में शादी में बतौर बाराती शामिल होने आए किशनपुरा (भीलवाड़ा) निवासी रमेश धाकड़ मासूम बच्ची के साथ खेल रहा था। अचानक वो बच्ची को सुनसान इलाके में ले गया और उसके साथ रेप की कोशिश की। इससे पहले भी वो एक बच्चे को इसी कुएं के पास ले गया था, जहां बच्चे के चिल्लाने पर उसे घर ले आया। इसके बाद उसने इस बच्ची को उठाया। अपनी करतूत से वो डरा हुआ भी था। पकड़े जाने के डर से उसने बच्ची को मार डाला और अपने गांव किशनपुरा (भीलवाड़ा) लौट गया।
इधर, बच्ची के गायब होने पर परिजन उसे तलाश रहे थे, लेकिन वह नहीं मिली। किसी रिश्तेदार ने रमेश को बच्ची के साथ खेलते हुए देखा था, लेकिन तब तक रमेश अपने घर जा चुका था। रिश्तेदार उसे भीलवाड़ा से लेकर आए और उससे पूछताछ की। उसके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए रिश्तेदारों ने रमेश को पुलिस के हवाले कर दिया।