बिरकाली के ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पम्प हाउस से 15 की जगह 20 घंटे पेयजल आपूर्ति करने की मांग को लेकर नोहर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बिरकाली के ग्रामीणों ने बुधवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायत बिरकाली के सरपंच भंवरलाल के नेतृत्व में जिला कलक्टर से मिले ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत बिरकाली व आसपास के गांवों में आपणी योजना संचालित है। इस योजना के तहत गांव बिरकाली में पेयजल टंकी से सात गांवों को पेयजल की सप्लाई होती है। वर्तमान में नहरबंदी के दौरान 13 केएम पम्प हाउस से 15 घंटे पेयजल टंकी में पानी सप्लाई किया जाता है। इससे टंकी पूर्ण रूप से नहीं भरती। इस कारण गांव में जो सप्लाई दी जाती है उससे पानी पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच पाता। टंकी से अन्य गांवों की सप्लाई दी जाती है। ग्रामीणों ने मांग की कि 13 केएम पम्प हाउस से 15 घंटे की जगह 20 घंटे पेयजल की आपूर्ति की जाए ताकि टंकी पूर्ण से भरी जा सके और समय पर पेयजल आपूर्ति हो। इस मौके पर पप्पू खां, नत्थूराम, श्रवण कुमार, बेगराज, मोडूराम, भागीरथ, रज्जाक, शहनाज, नवाज शरीफ सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।