Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अपनी सुरक्षा से खुद खिलवाड़ कर रहे लोग

  • विद्यार्थी सुरक्षा पखवाड़ा के तहत कार्यशाला का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    यातायात पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विद्यार्थी सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बुधवार को टाउन के केजी पब्लिक स्कूल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि दुर्घटना के मामले में पूरे देश में राजस्थान पांचवें स्थान पर है क्योंकि यहां दुर्घटनाएं सबसे अधिक होती हैं और लोग यातायात नियमों की अवेहलना सरेआम करते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियम सुरक्षा के लिए बने हैं परन्तु लोग इसे बोझ समझ बैठे हैं। यातायत नियम हमें दुपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने, कार चलाते समय सीट बैल्ट लगाने, नियमित गति से वाहन चलाने सहित अन्य सुरक्षा के लिए प्रतिबंधित करते हैं परन्तु आमजन अपनी सुरक्षा से खुद खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सुरक्षा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य यही है कि बच्चे खुद, अपने माता-पिता, अभिभावक, परिचितों को घर से निकलते समय यातायात नियमों की पालना के लिए टोकते रहें। उन्होंने कहा कि बड़े सदैव बच्चों की बातों को मानते हैं। अगर बच्चे अपने माता-पिता को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने सहित अन्य नियमों के बारे में जागरूक होकर टोकेंगे तो इस पखवाड़े को चलाने का उद्देश्य साकार होगा। विद्यालय संस्थापक अशोक सुथार ने बताया कि यातायात थाना में तैनात सिपाही पीरूमल भी केजी स्कूल के विद्यार्थी हैं। आज वे अपनी मेहनत और लग्न के कारण यातायात थाना में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बच्चों को पीरूमल से प्रेरणा लेकर जिन्दगी में कभी हार न मानते हुए अपने लक्ष्य को तय कर निरन्तर उसी तरफ अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र भारत खत्री, निशु कंवर, पारुल सोनी, गौरव सुखीजा, मुस्कान खान को यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा की ओर से उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंध निदेशक डिम्पल सुथार सहित अन्य स्टाफ मौजूद था।