नई दिल्ली
आईपीएल 2022 के 40वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को रोमांचक अंदाज में पटखनी दी। आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए 22 रनों की दरकार थी। राशिद खान ने इस दौरान तीन और राहुल तेवतिया ने एक छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इस जीत से टीम 14 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है और गुजरात प्लेऑफ में पहुंचने से कुछ ही कदम दूर है। टीम की इस जीत पर हार्दिक पांड्या ने कहा मुझे डर है कि नॉकआउट खेलों में हमारी किस्मत खराब हो सकती है।
मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा “मैं ड्रेसिंग रूम में मजाक करता रहता हूं कि भगवान हमसे कह रहे हैं कि ‘तुम लोग अच्छे हो, मैं तुम्हारी मदद करूंगा’। ये (करीबी जीत) इतनी बार हो रहा है कि मुझे डर है कि नॉकआउट खेलों में हमारी किस्मत खराब हो सकती है। हम (ड्रेसिंग रूम में) बहुत शांत वातावरण रखते हैं और हर कोई आगे आ रहा है। हम ये सुनिश्चित कर रहे हैं कि खिलाड़ियों को अच्छा समर्थन मिले।”