Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रोहित शर्मा, विराट कोहली के खराब फॉर्म पर BCCI बॉस सौरव गांगुली बोले-उम्मीद है वे रन बनाना शुरू करेंगे

नई दिल्ली

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली आईपीएल 2022  में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रोहित शर्मा ने 8 मैचों में 153 रन बनाए हैं और कुछ मैचों में वह अच्छी लय में भी दिखे लेकिन बड़े स्कोर में उसको तब्दील नहीं कर सके। वहीं आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली जारी सीजन में 9 मैचों में सिर्फ 129 रन बना सके हैं। 

आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले विराट कोहली जारी सीजन में दो बार पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे हैं। मौजूद समय के दिग्गज बल्लेबाज में आत्मविश्वास की कमी साफ नजर आई है। पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री सहित कई पूर्व दिग्गजों ने बल्लेबाज को आईपीएल से बाहर निकलने का सुझाव दिया है। दूसरी ओर, पूर्व भारतीय कप्तान और वर्तमान बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने गेम में वापस आने के लिए दोनों का समर्थन किया है।

न्यूज 18 के साथ एक इंटरव्यू में सौरव गांगुली ने कहा, “वे महान खिलाड़ी हैं और मुझे यकीन है कि वे फॉर्म में वापस आ जाएंगे। मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ही रन बनाना शुरू कर देंगे। मुझे नहीं पता कि विराट कोहली के दिमाग में क्या चल रहा है। लेकिन मुझे यकीन है कि वह अपनी फॉर्म को फिर से हासिल करेगा और कुछ अच्छे रन हासिल करेगा। वह एक महान खिलाड़ी है।”