Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अनुज रावत की एक बड़ी चूक पड़ी आरसीबी को भारी, शुभमन गिल ने उठाया फायदा

नई दिल्ली

आईपीएल 2022 का 43वां मैच गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जा रहा है। इसी मैच में आरसीबी के विकेटकीपर अनुज रावत ने एक बड़ी चूक कर दी, जिसका फायदा शुभमन गिल को मिला। आरसीबी के लिए इस मैच में दिनेश कार्तिक विकेटकीपिंग करने नहीं उतरे, क्योंकि गर्मी के कारण उनका स्वास्थ्य खराब हो गया था। ऐसे में अनुज रावत ने दस्ताने संभाले, लेकिन उन्होंने एक बड़ी चूक कर दी। 

दरअसल, 9वें ओवर में शाहबाज अहमद ने आरसीबी के लिए गेंदबाजी का जिम्मा संभाला था। उन्होंने चौथी गेंद अच्छी तरह फेंकी, जिस पर अपील हुई, क्योंकि गेंद शुभमन गिल के बल्ले के करीब थी। ये अपील बड़ी नहीं थी, लेकिन अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने शुभमन गिल को आउट दे दिया था। इसके बाद तुरंत शुभमन गिल ने रिव्यू लिया तो पाया गया कि अल्टाएज में कोई हरकत नहीं है। ऐसे में वे नॉट आउट रहे, लेकिन अनुज रावत की एक गलती थर्ड अंपायर ने पकड़ ली। 

दरअसल, जब अनुज रावत ने शुभमन गिल का कैच पकड़ा था तो उनके ग्लव्स स्टंप्स से आगे निकल चुके थे। नियम ये है कि जब तक गेंद स्टंप्स की लाइन से बाहर नहीं जाती, आप हाथ आगे नहीं रख सकते। यही वजह रही कि अंपायर ने इस गेंद को नो बॉल करार कर दिया और फिर शुभमन गिल ने अगली गेंद पर 98 मीटर का छक्का जड़ दिया, क्योंकि ये गेंद फ्री हिट थी, जिसको सही नसीहत उन्होंने दी।